असम में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बड़ा चुनावी वादा किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अगर उनकी सरकार फिर से सत्ता में आती है, तो राज्य के लोगों को बीहू और दुर्गा पूजा के मौके पर एक-एक मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीहू पर एक सिलेंडर और दुर्गा पूजा पर एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगा और इन दोनों सिलेंडरों का भुगतान “मामा” करेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा चराइदेव जिले के महमोरा विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली के दौरान की। उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि अगर बीजेपी फिर से सरकार बनाती है, तो लोगों को मुफ्त चावल की योजना जारी रहेगी। इसके अलावा दाल, चीनी, नमक और सरसों का तेल भी रियायती दर पर मिलता रहेगा। इस घोषणा के बाद यह मुद्दा चुनाव के बीच काफी चर्चा में आ गया है।
हालांकि, इस घोषणा के बाद विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस पार्टी ने इस ऐलान को आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। कांग्रेस का कहना है कि जब चुनाव की तारीख घोषित हो जाती है और मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू हो जाता है, तब सरकार नई योजनाओं या लाभ की घोषणा नहीं कर सकती। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री का मुख्य काम कानून व्यवस्था और आपदा से जुड़े मामलों को संभालना होता है, न कि नई योजनाओं की घोषणा करना।
कांग्रेस ने इस मामले में चुनाव आयोग की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं और कहा है कि इस तरह की घोषणाओं पर चुनाव आयोग को ध्यान देना चाहिए। अब इस मुद्दे को लेकर राज्य की राजनीति और तेज हो गई है।