
श्रीलंका में साइक्लोन दितवाह ने भयंकर तबाही मचाई है, जहां अब तक 150 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ और लैंडस्लाइड ने पूरे देश में तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है, जबकि 200 से अधिक लोग लापता हैं और कई इलाकों से ऐसे भयावह हालात की खबरें आ रही हैं जहां लोग बाढ़ में बह गए या मलबे में दब गए। इस विनाश के बीच श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पूरे देश में इमरजेंसी घोषित कर दी है।
इसी बीच, साइक्लोन दितवाह अब भारत की ओर बढ़ रहा है और आज तमिलनाडु व पुडुचेरी के तटों से टकराने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है, भारी बारिश के चलते उड़ानें रद्द हैं, ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तमिलनाडु के तटीय इलाकों में NDRF और SDRF की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
भारत ने राहत अभियान ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका को 27 टन राहत सामग्री भेजी है, जबकि कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार भारत में भी बाढ़, लैंडस्लाइड और भारी बारिश से तबाही की आशंका है, इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएँ।