खुफिया एजेंसियों ने लाल किला और चांदनी चौक इलाके को लेकर टेरर अलर्ट जारी किया है। इनपुट के मुताबिक पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा किसी बड़े हमले की साजिश रच रहा है और चांदनी चौक के मंदिर संभावित निशाने पर हो सकते हैं। आईईडी हमले की आशंका के बीच पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और CRPF जवान हाई अलर्ट पर हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

देश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त बेहद गंभीर खबर सामने आई है। खुफिया एजेंसियों ने लाल किला और चांदनी चौक इलाके को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। इनपुट के मुताबिक पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा भारत में किसी बड़े हमले की साजिश रच सकता है। आशंका जताई गई है कि चांदनी चौक के किसी प्रमुख मंदिर को निशाना बनाया जा सकता है और आईईडी धमाके की योजना बनाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार यह साजिश 6 फरवरी को इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद बदले की भावना से जुड़ी हो सकती है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने खतरे को गंभीर मानते हुए तुरंत कदम उठाए हैं।
अलर्ट के बाद लाल किले और चांदनी चौक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों के बाहर चौबीस घंटे निगरानी रखी जा रही है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है और इलाके में लगातार पेट्रोलिंग हो रही है। ऊंची इमारतों और संवेदनशील स्थानों से भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सके।
खुफिया सूत्रों का यह भी कहना है कि देश के अन्य प्रमुख मंदिर भी संभावित निशाने पर हो सकते हैं। इसी कारण राजधानी में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।