राजधानी दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी और खतरनाक साजिश का खुलासा हुआ है। खुफिया इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ऐसा ऑपरेशन चलाया, जिसने देश को एक संभावित बड़े हमले से बचा लिया। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कनेक्शन की बात सामने आ रही है। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार ये लोग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश से जुड़े आतंकी संगठनों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर भारत में बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल बताए गए हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल से दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है, जिनमें एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल है। सभी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली लाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और सोलह सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपा रहे थे। एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने संपर्क बढ़ाने की कोशिश में था।
खुफिया इनपुट में संकेत मिला था कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली समेत बड़े शहरों में आईईडी ब्लास्ट की साजिश रच रहा है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों को संभावित निशाना बनाया जा सकता था। इसी इनपुट के बाद राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पुरानी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, खासकर लाल किला और चांदनी चौक के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हमला टाल दिया गया। फिलहाल जांच जारी है। एजेंसियां फंडिंग के स्रोत, सीमा पार संपर्क और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं। राजधानी और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।