Sach – The Reality

Northeast India's First Multilingual Foremost Media Network

Northeast India's First Multilingual Foremost Media Network

क्रिकेट फैन्स के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। टी-20 वर्ल्ड कप दो हजार छब्बीस में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला महामुकाबला अब पूरी तरह तय हो गया है। लंबे विवाद और खींचतान के बाद आखिरकार पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने की अनुमति दे दी है। ICC के सख्त रुख के बाद पाकिस्तान को पीछे हटना पड़ा। 15 फरवरी को श्रीलंका में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का इंतजार कर रहे करोड़ों फैन्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। टी-20 वर्ल्ड कप दो हजार छब्बीस में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर अब पूरी तरह मुहर लग चुकी है। पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है, जिसके बाद दोनों टीमों के आमने-सामने आने का रास्ता साफ हो गया है। यह मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका में खेला जाएगा।
इससे पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। वजह बताई गई थी बांग्लादेश के समर्थन की, जिसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। लेकिन पाकिस्तान का यह रुख ज्यादा दिन नहीं चल पाया। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने शुरुआत में ही साफ कर दिया था कि तय शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा और किसी भी टीम को खास छूट नहीं मिलेगी।
ICC ने पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया कि अगर टीम मैच नहीं खेलती है तो इसे नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसी स्थिति में वॉकओवर हार, अंक कटना और आगे चलकर भारी आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। ICC ने यह भी साफ कहा कि कोई भी बोर्ड पूरे टूर्नामेंट को अपनी मर्जी से नहीं रोक सकता, क्योंकि इससे दूसरी टीमों और ब्रॉडकास्टर्स को नुकसान होता है।
इस सख्त रुख के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर दबाव बढ़ता चला गया। बोर्ड ने आकलन किया कि अगर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेला गया तो इसका सीधा असर पैसों पर पड़ेगा, ICC के साथ रिश्ते खराब होंगे और खिलाड़ियों का करियर भी प्रभावित होगा। आखिरकार पाकिस्तान सरकार और PCB को पीछे हटना पड़ा और तय शेड्यूल के अनुसार मैच खेलने पर सहमति बन गई।
अब ICC ने भी राहत की सांस ली है और साफ किया है कि मैच खेलने की मंजूरी मिलने के बाद किसी तरह की पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी और टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे बढ़ेगा। वहीं, भारत-पाकिस्तान मुकाबले के तय होते ही क्रिकेट फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि जज्बातों और रोमांच से भरा सबसे बड़ा क्रिकेट इवेंट माना जाता है।

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial