यूपी के बस्ती में तकनीक का सही प्रयोग करने वाली अलेक्सा गर्ल के नाम से फेमस हो चुकी निकिता के त्वरित सोच और फैसला लेने की क्षमता के महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के मालिक आनंद महिंद्रा भी कायल हो गए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर निकिता की जमकर तारीफ की है। निकिता की पूरी पढ़ाई के बाद आनंद महिंद्रा ने अपनी कंपनी में उसे जॉब तक ऑफर कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के बस्ती की रहने वाली निकिता 13 साल की है। उनके घर पर कुछ मेहमान आए थे, जो घर में जाते वक्त घर का मेन दरवाजा बंद करना भूल गए। ऐसे में कुछ बंदर दरवाजा खुला पाकर घर के अंदर घुस गए। घर में एक 15 महीने की छोटी सी बच्ची थी, जो निकिता की भतीजी थी. लड़की ने बच्ची को बचाने के लिए तुरंत एलेक्सा डिवाइस की मदद ली और उसे कुत्ते की आवाज निकालने को बोला। कुत्ते की आवाज सुनकर बंदर डर गए और भाग गए। इस तरह केवल तकनीक का सही समय पर इस्तेमाल करके उस छोटी सी लड़की ने अपने 15 महीने की भतीजी की जान बचा ली।
इस घटना पर रिएक्शन देते हुए आनंद महिंद्रा ने एक्स हैंडल पर लिखा: “हमारे युग का प्रमुख प्रश्न यह है कि क्या हम टेक्नोलॉजी के गुलाम बनेंगे या स्वामी। इस युवा लड़की की कहानी यह दिलासा देती है कि टेक्नोलॉजी हमेशा ह्यूमन टैलेंट को बढ़ावा देने वाली रहेगी। उसकी त्वरित सोच असाधारण थी। लड़की ने पूरी तरह से अप्रत्याशित दुनिया में नेतृत्व की क्षमता दिखाई है। अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद, अगर वह कभी कॉर्पोरेट जगत में काम करने का फैसला करती है तो मुझे उम्मीद है कि महिंद्रा राइज में हम उसे हमारे साथ जुड़ने के लिए मना पाएंगे।”