दुनियाभर में राम मंदिर की चर्चा के बीच अमेरिका में इस बार एक झलक पेश की जाएगी। 18 अगस्त को न्यूयॉर्क में भारत दिवस की परेड में राम मंदिर की झांकी निकाली जाएगी, जो न्यूयॉर्क और उसके आसपास से हजारों भारतीय अमेरिकियों को आकर्षित करेगी। विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका (VHPA) के महासचिव अमिताभ मित्तल ने बताया कि मंदिर की प्रतिकृति 18 फीट लंबी, 9 फीट चौड़ी और 8 फीट ऊंची होगी। यह पहली बार होगा कि जब राम मंदिर की प्रतिकृति संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रदर्शित की जाएगी।
न्यूयॉर्क में होने वाली वार्षिक इंडिया डे परेड भारत के बाहर भारत के स्वतंत्रता दिवस का सबसे बड़ा उत्सव है। मिडटाउन न्यूयॉर्क में ईस्ट 38वीं स्ट्रीट से ईस्ट 27वीं स्ट्रीट तक चलने वाली वार्षिक परेड को आम तौर पर 150,000 से अधिक लोग देखते हैं।
इस परेड में भारतीय-अमेरिकी समुदायों और संस्कृति को प्रदर्शित करने वाली दर्जनों झांकियां न्यूयॉर्क की सड़कों पर दौड़ती नजर आती हैं। भारतीय लोग इन झांकियों का स्वागत करते हुए सड़कों पर तिरंगा लहराते हैं। इस बार परेड में राम मंदिर की झांकी भी शामिल होगी।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (FIA) द्वारा आयोजित इस परेड में न्यूयॉर्क की सड़कों पर विभिन्न भारतीय अमेरिकी समुदायों और संस्कृति की विविधता को दर्शाती कई झांकियाँ दिखाई देंगी। विश्व हिंदू परिषद अमेरिका (VHPA-A) ने हाल ही में राम मंदिर रथ यात्रा का आयोजन किया था, जो 60 दिनों में 48 राज्यों के 851 मंदिरों में गई।
हर साल इस आयोजन में भारत से कई बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं। पिछले साल 41वें भारत दिवस परेड में श्रीश्री रविशंकर, अभिनेत्री सामंथा प्रभु और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस शामिल हुई थीं। इस बार भी कार्यक्रम में कई बड़ी हस्तियों के आने की उम्मीद है और जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं।
भारत के उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पारंपरिक नागर शैली में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया है। पीएम मोदी ने वैदिक रीति रिवाज से इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें देश के गणमान्य एवं साधु- संत उपस्थित हुए। मंदिर भारतीय सभ्यता और संसकृति का परिचायक है।